Homeन्यूजहड़ताल, वीकेंड और त्यौहार: SBI ग्राहकों की बढ़ेगी टेंशन! 23 से 28...

हड़ताल, वीकेंड और त्यौहार: SBI ग्राहकों की बढ़ेगी टेंशन! 23 से 28 मई तक लगातार 6 दिन बंद रह सकते हैं बैंक

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

SBI Bank Strike May 2026: अगर आपका खाता देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में है, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है।

मई महीने के आखिरी हफ्ते में आपको बैंकिंग से जुड़े कामों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

दरअसल, 23 मई से लेकर 28 मई 2026 के बीच लगातार 6 दिनों तक SBI की शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप रहने की आशंका है।

इस संकट की टाइमिंग ऐसी है कि इसमें वीकेंड की छुट्टियां, त्योहार की छुट्टी और बैंक कर्मचारियों की दो दिन की देशव्यापी हड़ताल एक साथ आ गई है।

आइए जानते हैं कि आखिर यह पूरा मामला क्या है और इन 6 दिनों में किस दिन बैंक क्यों बंद रहेंगे।

क्यों और किस दिन बंद रहेंगे बैंक? 

बैंकों के बंद रहने या कामकाज प्रभावित होने के पीछे तीन बड़े कारण हैं— शनिवार-रविवार की छुट्टी, कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद (ईद-उल-अजहा)।

23 मई (चौथा शनिवार): नियम के मुताबिक देश के सभी बैंकों में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को सरकारी छुट्टी होती है। इसलिए इस दिन बैंक बंद रहेंगे।

24 मई (रविवार): रविवार होने के कारण पूरे देश में साप्ताहिक अवकाश रहेगा।

25 और 26 मई (सोमवार और मंगलवार): इन दो दिनों में ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इस वजह से बैंक खुलेंगे तो सही, लेकिन स्टाफ न होने से काम नहीं होगा।

27 मई (बुधवार – बकरीद): रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के कैलेंडर के अनुसार, देश के लगभग सभी हिस्सों में बकरीद के मौके पर बैंकों में छुट्टी रहेगी।

जम्मू-कश्मीर में भी इस दिन बैंक बंद रहेंगे।

28 मई (गुरुवार – बकरीद का दूसरा दिन): देश के कुछ चुनिंदा हिस्सों (जैसे मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु, जम्मू-कश्मीर आदि) में इस दिन भी बकरीद की छुट्टी रहेगी।

कामकाज पर क्या असर पड़ेगा?

चूंकि यह हड़ताल मुख्य रूप से ‘वर्कमेन कैटेगरी’ यानी क्लर्कों, कैशियरों और सब-स्टाफ द्वारा बुलाई गई है, इसलिए सीधे तौर पर पब्लिक डीलिंग वाले काम प्रभावित होंगे।

बैंक शाखाओं में चेक क्लियरिंग (Check Clearing), कैश जमा करना और निकालना (Cash Counter), पासबुक अपडेट कराना और नई चेकबुक जारी करने जैसे काम पूरी तरह से ठप हो सकते हैं।

हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग, योनो (YONO) ऐप और एटीएम (ATM) सेवाएं चालू रहने की उम्मीद है, लेकिन एटीएम में कैश की किल्लत हो सकती है।

आखिर क्यों गुस्से में हैं SBI कर्मचारी? ये हैं 16 प्रमुख मांगें…

ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर अड़ा हुआ है।

कर्मचारियों का कहना है कि वे ग्राहकों की सुविधा और अपने हक के लिए यह कदम उठा रहे हैं।

आइए जानते हैं उनकी मुख्य मांगें क्या हैं:

1. चतुर्थ श्रेणी कर्मियों (मेसेंजर्स) की पक्की भर्ती: बैंक में खाली पड़े मेसेंजर्स के पदों पर तुरंत परमानेंट भर्ती की जाए।

2. सशस्त्र गार्डों की नियुक्ति: सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शाखाओं में पर्याप्त आर्म्ड गार्ड्स रखे जाएं।

3. NPS में आजादी: नई पेंशन स्कीम (NPS) के तहत कर्मचारियों को खुद का ‘पेंशन फंड मैनेजर’ चुनने का हक मिले।

4. इंटर सर्कल ट्रांसफर (ICT): साल 2019 के बाद भर्ती हुए कर्मचारियों को दूसरे सर्कल में ट्रांसफर लेने की छूट दी जाए।

5. आउटसोर्सिंग पर रोक: बैंक के स्थाई कामों को बाहरी प्राइवेट एजेंसियों को ठेके पर देना बंद हो।

6. नया स्टाफ और कम बोझ: काम के बढ़ते दबाव को देखते हुए सभी ब्रांचों में पर्याप्त कर्मचारियों की भर्ती की जाए।

7. वेतन और सुविधाओं में समानता: स्टेट बैंक के कर्मचारियों के बीच सैलरी और भत्तों में जो भेदभाव या असमानता है, उसे खत्म किया जाए।

8. प्रमोशन पॉलिसी में सुधार: कर्मचारियों की तरक्की और ‘करियर प्रोग्रेशन स्कीम’ की मौजूदा नीतियों की दोबारा समीक्षा हो।

9. रिटायर्ड कर्मियों को फायदा: 10वें द्विपक्षीय समझौते के तहत रिटायर हुए बुजुर्ग कर्मचारियों को ‘8वें स्टैग्नेशन इंक्रीमेंट’ का लाभ दिया जाए।

10. डॉक्टर फीस में सुधार: 15 जुलाई 2024 से लागू किए गए फिजिशियन कंसल्टेशन चार्ज के नियमों को बदला जाए।

11. आसान मेडिकल स्कीम: कर्मचारियों के इलाज के खर्च की वापसी (Medical Reimbursement) की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।

12. पेंशन में सभी भत्ते जुड़ें: 7वें द्विपक्षीय समझौते के तहत रिटायर हुए लोगों की पेंशन तय करते समय सैलरी के सभी हिस्सों (भत्तों) को जोड़ा जाए।

13. HRMS सॉफ्टवेयर की दिक्कतें दूर हों: बैंक के अटेंडेंस और एचआर सॉफ्टवेयर (HRMS) में आने वाली तकनीकी कमियों को हमेशा के लिए ठीक किया जाए।

14. कर्मचारी निदेशक की बहाली: बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में कर्मचारियों की तरफ से एक डायरेक्टर नियुक्त करने की पुरानी परंपरा को फिर शुरू किया जाए।

15. PF ट्रस्टी में प्रतिनिधित्व: प्रोविडेंट फंड (PF) ट्रस्ट में कर्मचारियों के प्रतिनिधि को जगह दी जाए।

16. गलत तरीके से सामान बेचने (मिस-सेलिंग) पर रोक: कर्मचारियों पर बीमा (Insurance) और म्यूचुअल फंड बेचने का दबाव बनाना बंद किया जाए, जिससे ग्राहकों को गलत प्रोडक्ट न बेचे जाएं।

मई 2026 की पूरी बैंक हॉलिडे लिस्ट 

नीचे दी गई तालिका से आप समझ सकते हैं कि मई के महीने में कब-कब और कहाँ-कहाँ बैंक बंद रहे या रहने वाले हैं:

तारीख | बंद रहने का कारण | कहाँ बंद रहेंगे बैंक

  1. 1 मई- महाराष्ट्र दिवस, बुद्ध पूर्णिमा और मजदूर दिवस, पूरे देश में
  2. 3 मई- रविवार (साप्ताहिक अवकाश) पूरे देश में 
  3. 9 मई- दूसरा शनिवार (साप्ताहिक अवकाश)  पूरे देश में 
  4. 10 मई- रविवार (साप्ताहिक अवकाश) पूरे देश में 
  5. 16 मई – सिक्किम राज्य स्थापना दिवस, केवल सिक्किम में 
  6. 17 मई- रविवार (साप्ताहिक अवकाश) पूरे देश में 
  7. 23 मई – चौथा शनिवार (साप्ताहिक अवकाश) पूरे देश में 
  8. 24 मई – रविवार (साप्ताहिक अवकाश), पूरे देश में 
  9. 26 मई – काजी नजरुल इस्लाम जयंती, केवल त्रिपुरा में 
  10. 27 मई – ईद-उल-अजहा (बकरीद) पूरे देश में (अधिकांश हिस्से) 
  11. 28 मई- बकरीद (दूसरा दिन) बेलापुर, बेंगलुरु, चेन्नई, जयपुर, जम्मू, मुंबई, नागपुर, पणजी, पटना और श्रीनगर 
  12. 31 मई – रविवार (साप्ताहिक अवकाश) पूरे देश में 

काम की बात: अगर आपको ड्राफ्ट बनवाना है, लोन का कोई जरूरी पेपर जमा करना है या बड़ी नकदी निकालनी है, तो 23 मई से पहले ही अपने नजदीकी एसबीआई ब्रांच में जाकर काम निपटा लें, ताकि बाद में किसी परेशानी से बचा जा सके।

- Advertisement -spot_img