Homeन्यूजउज्जैन यूनिवर्सिटी में 'स्त्री' फिल्म जैसी घटना: गेट पर लाल मटकी, कुमकुम...

उज्जैन यूनिवर्सिटी में ‘स्त्री’ फिल्म जैसी घटना: गेट पर लाल मटकी, कुमकुम से दीवार पर लिखा- ‘तुम सब मरोगे’

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Tantra Mantra in Ujjain University: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन की मशहूर विक्रम यूनिवर्सिटी से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है।

आपने राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘स्त्री’ तो देखी ही होगी, जिसमें दीवारों पर लिखा होता था “ओ स्त्री कल आना”।

ठीक वैसा ही मंजर, बल्कि उससे भी कहीं ज्यादा डरावना नजारा उज्जैन के कृषि अध्ययनशाला (Agriculture Department) की बिल्डिंग में देखने को मिला।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात की है। रविवार की छुट्टी होने की वजह से कैंपस में सन्नाटा था।

सोमवार की सुबह जब विभाग का चौकीदार आशीष रूटीन काम के लिए पहुंचा और बोरिंग चालू करने के लिए मेन गेट की तरफ बढ़ा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

गेट के ठीक सामने एक मिट्टी की मटकी रखी हुई थी, जिसे तांत्रिक क्रियाओं में इस्तेमाल किया जाता है।

मटकी के साथ वहां एक लाल कपड़ा, कुछ पूजा की सामग्री और चारों तरफ कुमकुम (सिंदूर) बिखरा हुआ था।

लेकिन सबसे ज्यादा डराने वाली बात वह थी जो दीवार पर लिखी थी। कुमकुम से बड़े-बड़े अक्षरों में दीवार पर लिखा गया था— “तुम सब मरोगे”।

2 बजे तक स्टाफ था मौजूद, फिर कैसे हुई चूक?

इस मामले में सबसे रहस्यमयी बात समय की है। चौकीदार ने बताया कि रविवार रात करीब 2 बजे तक वहां स्टाफ की आवाजाही थी और चहल-पहल बनी हुई थी।

माना जा रहा है कि इस हरकत को रात 2 से 3 बजे के बीच अंजाम दिया गया।

बदमाशों ने बहुत ही कम समय में इस ‘खौफनाक खेल’ को खेला और अंधेरे का फायदा उठाकर गायब हो गए।

10 दिन पहले शुरू हुई थी क्लासेस, अब डर का साया

बता दें कि कृषि अध्ययनशाला की यह बिल्डिंग बिल्कुल नई है और यहां क्लासेस शुरू हुए अभी मात्र 10 दिन ही बीते हैं।

वर्तमान में यहां 1,000 से ज्यादा छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं।

अचानक हुई इस घटना ने स्टूडेंट्स और प्रोफेसरों के मन में डर पैदा कर दिया है।

छात्र इस बात से परेशान हैं कि क्या यह किसी की जानलेवा साजिश है या फिर किसी सिरफिरे का भद्दा मजाक।

सुरक्षा पर बड़े सवाल: बिना CCTV के चल रही नई बिल्डिंग

यूनिवर्सिटी प्रशासन की एक बहुत बड़ी लापरवाही भी इस दौरान सामने आई है।

करोड़ों की लागत से बनी इस नई बिल्डिंग में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है।

इसी वजह से पुलिस और प्रशासन के पास आरोपियों का कोई सुराग नहीं है।

यह पता लगाना मुश्किल हो रहा है कि यह हरकत कैंपस के अंदर के किसी छात्र या कर्मचारी की है, या फिर बाहर से कोई दीवार फांदकर अंदर आया था।

प्रशासन ने क्या किया?

हड़कंप मचने के बाद विभागाध्यक्ष (HOD) डॉ. राजेश टेलर ने मोर्चा संभाला।

उन्होंने तुरंत सफाईकर्मी बुलाकर तंत्र-मंत्र की सामग्री को वहां से हटवाया और दीवार पर लिखी धमकी को मिटाकर उस पर पुताई करवा दी, ताकि छात्रों का डर कम हो सके।

डॉ. टेलर ने इस पूरी घटना की लिखित रिपोर्ट यूनिवर्सिटी के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी है और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

फिलहाल, यूनिवर्सिटी में माहौल तनावपूर्ण है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह किसी छात्र की शरारत है जो क्लासेस बंद करवाना चाहता था, या फिर इसके पीछे कोई और गंभीर वजह है।

- Advertisement -spot_img