Kailash Vijayvargiya on BJP Victory: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी की निर्णायक बढ़त ने मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को भावुक कर दिया।
सोमवार, 4 मई को इंदौर स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए विजयवर्गीय अपने आंसू नहीं रोक पाए।
उन्होंने बंगाल में बीते वर्षों के अपने संघर्ष, ममता बनर्जी सरकार द्वारा किए गए कथित उत्पीड़न और जानलेवा हमलों के बारे में बताया।

‘मुझ पर लगे थे बलात्कार जैसे घिनौने आरोप‘
विजयवर्गीय ने रुंधे गले से बताया कि जब वे पश्चिम बंगाल के प्रभारी थे, तब उन्हें मानसिक रूप से तोड़ने के लिए ममता सरकार ने हर संभव कोशिश की।
उन्होंने कहा, “मुझ पर और हमारे कार्यकर्ताओं पर दुष्कर्म (रेप) और बच्चा चोरी जैसे संगीन और गैर-जमानती धाराओं में फर्जी केस दर्ज किए गए।
ममता बनर्जी हमें किसी भी कीमत पर जेल भेजना चाहती थीं।
एक सम्मानित राजनीतिक व्यक्ति के लिए ऐसे घिनौने आरोपों का सामना करना कितनी बड़ी मानसिक पीड़ा है, इसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।”

मंत्री ने आगे कहा कि बंगाल में कुल 32 फर्जी मामले उन पर लगाए गए थे।
उन्होंने भारतीय न्यायपालिका का आभार जताते हुए कहा कि अगर कोर्ट निष्पक्ष न होती, तो वे आज सलाखों के पीछे होते।
‘अमित शाह ने बचाई मेरी जान’
विजयवर्गीय ने उन दिनों को याद किया जब बंगाल में उन पर जानलेवा हमले हुए थे।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “वहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी थी। चुनाव प्रचार के दौरान मुझे कई बार गुंडों ने घेरा, बम फेंके गए।
यहां तक कि केंद्रीय एजेंसियों (IT, CBI, ED) पर भी हमले हुए। आज मैं अगर जिंदा खड़ा हूं, तो सिर्फ अमित शाह जी की वजह से।

उन्होंने सही समय पर मेरी सुरक्षा सुनिश्चित की, वरना आज मेरी तस्वीर पर भी मेरी मां की तरह फूलों का हार टंगा होता।”
Video देखने के लिए यहां क्लिक करें…
कोविड न आता तो 2021 में ही पलट जाती बाजी
पुरानी हार की टीस साझा करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि साल 2021 के चुनाव में ही बीजेपी की सरकार बन जाती, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण प्रधानमंत्री मोदी की रैलियां नहीं हो सकीं।
उन्होंने बताया कि कैसे शून्य से शुरू होकर बीजेपी 70 सीटों के पार पहुंची और संगठन को ब्लॉक स्तर तक मजबूत किया।

‘देशविरोधी गतिविधियों का अड्डा बन गया था बंगाल‘
विजयवर्गीय ने इस जीत को राष्ट्रहित में सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के शासन में बंगाल आतंकवाद, नकली नोटों की तस्करी और अवैध हथियारों का प्रवेश द्वार (गेटवे) बन गया था।
उन्होंने कहा, “अगर इस बार भी हम नहीं जीतते, तो बंगाल पूरे देश के लिए एक नासूर बन जाता। अब वहां विकास की नई शुरुआत होगी।”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो अभिषेक बनर्जी कभी अमित शाह को चुनौती देते थे, वे अब बंगाल छोड़कर भाग रहे हैं।
इस खुशी के मौके पर विजयवर्गीय ने पत्रकारों और समर्थकों को बंगाल का प्रसिद्ध स्नैक ‘झालमुरी’ खिलाकर अपनी खुशी साझा की।
#KailashVijayvargiya #WestBengalResults #BJPVictory #MamataBanerjee #AmitShah #BengalPolitics #IndoreNews #PoliticalNews
