Homeन्यूजदेशभर में मानसून पर ब्रेक: 64% कम बारिश- सैटेलाइट तस्वीरों में बादल...

देशभर में मानसून पर ब्रेक: 64% कम बारिश- सैटेलाइट तस्वीरों में बादल गायब, 17 राज्यों में बढ़ा इंतजार

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Monsoon Delayed in India: भारत में इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून की चाल सुस्त पड़ गई है, जिससे देश के एक बड़े हिस्से में परेशानी बढ़ गई हैं।

सैटेलाइट से ली गई ताजा तस्वीरों से पता चलता है कि देश के ज्यादातर हिस्सों से मानसूनी बादल पूरी तरह गायब हैं।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, 4 जून से 15 जून के बीच देशभर में अमूमन 53.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार सिर्फ 19.2 मिमी बारिश ही रिकॉर्ड की गई है।

इसका मतलब यह है कि देश में सामान्य से 64% कम पानी बरसा है।

17 राज्यों में झमाझम बारिश का इंतजार 

बादलों की इस सुस्ती की वजह से देश के 17 राज्यों में झमाझम बारिश का इंतजार लंबा होता जा रहा है।

मानसून देश के दक्षिणी हिस्सों को पार करने के बाद फिलहाल महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के पास आकर ठिठक गया है।

वहीं, पूर्वोत्तर (नॉर्थ-ईस्ट) के राज्यों को कवर करने के बाद यह बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के मुहाने पर अटका हुआ है, जिससे इन तीन राज्यों में भी मानसून की एंट्री पूरी तरह नहीं हो पाई है।

मध्य प्रदेश में प्री-मानसून की दस्तक: आंधी और बारिश से बदला मौसम

एक तरफ जहां देश में मानसून की रफ्तार थमी है, वहीं मध्य प्रदेश में मानसून से पहले की आंधी और बारिश (प्री-मानसून एक्टिविटी) ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है।

सोमवार को सीहोर में दोपहर के बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला।

तेज काले बादल छा गए और 61 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से आंधी चली।

मौसम केंद्र ने राजधानी भोपाल और ग्वालियर में अगले दो दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इसके साथ ही आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों के लिए तेज आंधी का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटे का हाल:

मध्य प्रदेश के करीब 28 जिलों में मौसम का मिलाजुला असर देखा गया।

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, नीमच, मंदसौर, खरगोन, देवास, हरदा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी, जबलपुर, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और आगर-मालवा में कहीं हल्की तो कहीं तेज बौछारें पड़ीं।

तूफानी हवाओं का तांडव और तापमान में गिरावट

बारिश के साथ-साथ प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़ ने भारी तबाही मचाई है।

हवाओं की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई शहरों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए।

सीहोर में सबसे तेज 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

इसके अलावा सागर और गुना में 59 किमी, भोपाल में 57 किमी और संस्कारधानी जबलपुर में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी दर्ज की गई।

इस तेज आंधी के कारण रायसेन में कई घरों के छप्पर उड़ गए और खरगोन में किसानों की निंदाई-बुआई का काम भी प्रभावित हुआ।

बड़े शहरों में तापमान गिरा

इस आंधी-पानी का एक अच्छा असर यह हुआ कि प्रदेश के बड़े शहरों में तापमान तेजी से नीचे गिरा है।

मध्य प्रदेश के 5 बड़े शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।

भोपाल में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री, इंदौर में 36.3 डिग्री, उज्जैन में 36.5 डिग्री, जबलपुर में 38.5 डिग्री और ग्वालियर में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पूरे प्रदेश में शिवपुरी सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान गिरकर 33.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।

सिर्फ खजुराहो, दतिया, नौगांव और मंडला ही ऐसे इलाके रहे जहां पारा 40 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया।

आने वाले दो दिनों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का रुख कुछ इस तरह रहने वाला है

16 जून:

  • बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम- बारिश की संभावना, बिहार में 50-70 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 
  • असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक- कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान
  • मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, विदर्भ- गरज-चमक के साथ बौछारें और 40-60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी। 

17 जून

  • सिक्किम, उत्तर बंगाल, असम, मेघालय- भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना। 
  • मध्य प्रदेश, राजस्थान- धूलभरी आंधी (40-60 किमी/घंटे) और बारिश का अलर्ट
  • झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, कर्नाटक- गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद। 

महाराष्ट्र में गर्मी और उमस का डबल अटैक

जहां एक तरफ देश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है, वहीं महाराष्ट्र के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में 17 जून तक और विदर्भ में 16 जून तक भीषण लू (हीटवेव) चलने की आशंका है।

इसके साथ ही कोंकण और गोवा के तटीय इलाकों में गर्मी के साथ-साथ उमस (ह्यूमिडिटी) लोगों को परेशान करेगी।

इन इलाकों में रात के समय भी तापमान गर्म बना रहेगा, जिससे बेचैनी बढ़ सकती है।

#Monsoon2026 #WeatherUpdate #MPWeather #RainAlert #Heatwave #IMDUpdate #MonsoonDelayed #IndianMonsoon

- Advertisement -spot_img