Homeन्यूजइंदौर में नियमों की धज्जियां उड़ाने पर Bigbasket, Social और Heydeli Pizza...

इंदौर में नियमों की धज्जियां उड़ाने पर Bigbasket, Social और Heydeli Pizza का फूड लाइसेंस रद्द

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Indore Food Department Action: इंदौर शहर में अगर आप भी नामी ऑनलाइन डिलीवरी ऐप्स या ट्रेंडिंग रेस्टोरेंट्स से खाना मंगाने या बाहर जाकर खाने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपको सतर्क करने वाली है।

इंदौर के खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने नियमों की अनदेखी करने और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।

शहर के तीन जाने-माने प्रतिष्ठानों—Bigbasket, Social (Ring Road) और Heydeli Pizza के फूड लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिए गए हैं।

कलेक्टर शिवम वर्मा के कड़े निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इन जगहों पर अचानक छापेमारी की थी।

जांच के दौरान जो तस्वीरें सामने आईं, वे बेहद चौंकाने वाली थीं।

तीनों ही जगहों पर साफ-सफाई, सेहत और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।

विभाग ने पहले इन्हें नोटिस जारी कर सुधार करने का मौका दिया था, लेकिन जब दिए गए समय में कमियां दूर नहीं की गईं, तो प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए इनके लाइसेंस सस्पेंड कर दिए।

Heydeli Pizza: कॉकरोच, काला तेल और जंग लगे बर्तन

स्कीम नंबर 54 स्थित ‘जैमिनी मॉल’ के हेडेली पिज्जा (Heydeli Pizza) में अधिकारियों को सबसे ज्यादा गंदगी और लापरवाही देखने को मिली।

* गंदगी और कीड़े: किचन के फर्श और फ्रीजर के आसपास कॉकरोच घूमते मिले। किचन का दरवाजा नीचे से खुला था, जिससे आसानी से कीड़े-मकौड़े अंदर दाखिल हो रहे थे।

 * खराब तेल और बर्तन: खाना तलने के लिए बार-बार इस्तेमाल किए जा चुके जले हुए काले तेल का प्रयोग हो रहा था। बर्तन जंग लगे और बेहद गंदे थे, जो इंसानी सेहत के लिए जहरीले साबित हो सकते हैं।

 * दस्तावेजों का अभाव: किचन में रोशनी और वेंटिलेशन की कमी थी। पेस्ट कंट्रोल, पानी की लैब जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और एफएसएसएआई (FSSAI) ट्रेनिंग से जुड़े कोई भी दस्तावेज मौके पर नहीं मिले।

Social (MR-10): एक ही फ्रीजर में वेज और नॉन-वेज

एमआर-10 स्थित ‘सोशल’ (Social) में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि रेस्टोरेंट के स्टोर रूम के दरवाजे खुले थे और शाकाहारी (Veg) व मांसाहारी (Non-Veg) खाद्य पदार्थों को एक ही डीप फ्रीजर में एक साथ ठूंसकर रखा गया था।

इसके अलावा डस्टबिन खुले पड़े थे, जिससे मक्खियां और बैक्टीरिया पनप रहे थे।

यहां भी पानी व खाने की लैब जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट गायब मिले।

Bigbasket: खाने की चीजों के साथ रखा था केमिकल व अखाद्य सामान

ग्रोसरी डिलीवरी के बड़े प्लेटफॉर्म बिग बास्केट (Bigbasket) के स्कीम नंबर 54 स्थित गोडाउन में भी नियमों की अवहेलना पाई गई।

यहां खाने-पीने के सामान (Food items) के साथ अखाद्य सामान (Non-food items) जैसे सर्फ, साबुन या केमिकल एक साथ रखे हुए पाए गए, जिससे खाने में जहर या इन्फेक्शन फैलने का खतरा रहता है।

परिसर में सफाई बेहद खराब थी और पेस्ट कंट्रोल व कर्मचारियों की ट्रेनिंग का कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।

कारोबार पूरी तरह बंद, उल्लंघन पर होगी एफआईआर

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि लाइसेंस निलंबन की इस अवधि के दौरान तीनों प्रतिष्ठान किसी भी तरह का खाद्य कारोबार नहीं चला सकेंगे।

उन्हें तुरंत अपनी दुकानों और गोडाउन से जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को हटाने का आदेश दिया गया है।

अगर निलंबन के बावजूद ये प्रतिष्ठान चोरी-छिपे खाना बेचते या डिलीवरी करते पाए गए, तो इनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और एफआईआर (FIR) दर्ज की जाएगी।

#IndoreNews #FoodSafety #Bigbasket #SocialIndore #HeydeliPizza #FSSAI #IndoreUpdate #HealthSafety

- Advertisement -spot_img