Homeन्यूजNEET Re-exam से पहले बड़ा एक्शन: राजस्थान में फर्जी पेपर बेचने वाला...

NEET Re-exam से पहले बड़ा एक्शन: राजस्थान में फर्जी पेपर बेचने वाला पकड़ा गया, टेलीग्राम पर बैन रहेगा जारी

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

NEET Fake Paper Culprit Arrest: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (नीट) को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है।

आगामी 21 जून को होने वाले नीट री-एग्जाम (दोबारा परीक्षा) को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं।

इसी बीच राजस्थान के भीलवाड़ा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।

फर्जी नीट पेपर बेचने वाला अरेस्ट 

भीलवाड़ा में टेलीग्राम पर पाबंदी होने के बावजूद एक छात्र अमेरिका के वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) का इस्तेमाल कर NEET का फर्जी पेपर बेचने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है।

वह ‘पेपर माफिया’ नाम से एक टेलीग्राम चैनल चला रहा था।

हाईकोर्ट ने खारिज की टेलीग्राम की अर्जी, बैन रहेगा जारी

इस गड़बड़ी के बीच, दिल्ली हाईकोर्ट से टेलीग्राम कंपनी को बड़ा झटका लगा है।

केंद्र सरकार ने नीट री-एग्जाम में गड़बड़ी और पेपर लीक की आशंका को देखते हुए 16 जून से 22 जून तक टेलीग्राम ऐप पर अस्थायी रोक लगा दी थी।

टेलीग्राम ने सरकार के इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया।

सुनवाई के दौरान जस्टिस तेजस कारिया ने कहा कि सरकार के पास आईटी एक्ट की धारा 69A के तहत किसी भी प्लेटफॉर्म पर रोक लगाने का पूरा अधिकार है।

कोर्ट की रिव्यू कमेटी ने भी सरकार के इस फैसले की जांच की है और यह पाया कि सरकार ने यह कदम पूरी समझदारी और सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया है, इसमें कोई जल्दबाजी नहीं की गई।

हालांकि, सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह सवाल भी उठाया था कि कुछ गड़बड़ी करने वाले छात्रों की वजह से देश के 15 करोड़ आम टेलीग्राम यूजर्स के अधिकारों को कैसे रोका जा सकता है?

लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोपरि मानते हुए कोर्ट ने फिलहाल बैन हटाने से इनकार कर दिया।

समझिए क्या है VPN, जिसके जरिए खुला था ‘पेपर माफिया’ चैनल

जब भारत में टेलीग्राम बैन है, तो राजस्थान के छात्र ने इसका इस्तेमाल कैसे किया?

दरअसल, इसके लिए उसने VPN यानी ‘वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क’ का सहारा लिया।

  • VPN एक ऐसी टेक्नोलॉजी है जो इंटरनेट पर आपकी असली पहचान को छुपा देती है।
  • जब आप VPN चालू करते हैं, तो यह आपके कंप्यूटर या मोबाइल के असली IP एड्रेस और लोकेशन को छिपाकर डेटा को पूरी तरह लॉक (एन्क्रिप्ट) कर देता है।
  • इसकी मदद से भारत में बैठा व्यक्ति भी अमेरिका, ब्रिटेन या किसी अन्य देश के सर्वर को चुनकर इंटरनेट चला सकता है।
  • ऐसे में इंटरनेट प्रोवाइडर को लगता है कि यूजर विदेश से इंटरनेट इस्तेमाल कर रहा है।
  • इसी ट्रिक का फायदा उठाकर आरोपी भारत में बैन हो चुके टेलीग्राम को अमेरिकी नेटवर्क के जरिए चला रहा था।
  • भारत में वीपीएन का इस्तेमाल करना पूरी तरह से कानूनी (लीगल) है, इस पर कोई रोक नहीं है।

वायुसेना का बड़ा मिशन: अभेद्य सुरक्षा में पहुंचे पेपर

नीट री-एग्जाम में इस बार सुरक्षा के ऐसे इंतजाम किए गए हैं जो पहले कभी नहीं देखे गए।

भारतीय वायुसेना (IAF) ने पेपर लीक को रोकने के लिए मोर्चा संभाल लिया है।

वायुसेना ने पिछले 4 दिनों में विमानों और हेलीकॉप्टरों के जरिए 200 से ज्यादा उड़ानें भरी हैं और देश के 20 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर नीट के प्रश्नपत्रों को पूरी तरह सुरक्षित पहुंचाया है।

खास बात यह है कि इस बार प्रश्नपत्रों को जिन बॉक्सों में रखा गया है, वे बेहद हाई-टेक हैं।

इन बॉक्सों में रियल-टाइम GPS और डिजिटल लॉक लगे हैं।

अगर कोई भी इन बॉक्सों के साथ जरा सी भी छेड़छाड़ करने की कोशिश करेगा, तो दिल्ली में बने सेना के कंट्रोल रूम में तुरंत अलर्ट सिग्नल पहुंच जाएगा।

यहाँ सेना के जवान 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

छात्रों के लिए राज्यों की खास तैयारियां

नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को सेंटर्स तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए देश भर में विशेष इंतजाम किए गए हैं:

रेलवे की स्पेशल ट्रेनें:

वेस्टर्न रेलवे ने गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्य रूटों पर छात्रों के लिए 3 स्पेशल ट्रेनें (स्लीपर और जनरल कोच के साथ) चलाने का फैसला किया है।

वहीं, मध्य प्रदेश सरकार 20 जून को इंदौर, भोपाल और रतलाम को जोड़ने वाली स्पेशल ट्रेनें चलाएगी।

मुंबई में सभी 1,820 लोकल ट्रेनें बिना किसी मेगा ब्लॉक के अपने पूरे शेड्यूल पर चलेंगी।

दिल्ली और तेलंगाना में मुफ्त सफर:

दिल्ली में परीक्षार्थी DTC और क्लस्टर बसों में अपना एडमिट कार्ड दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।

सेंटर्स के बाहर अभिभावकों के लिए कूलिंग ज़ोन बनाए गए हैं, जहाँ ओआरएस (ORS) और नींबू पानी का इंतजाम रहेगा।

वहीं, तेलंगाना में भी छात्र सरकारी RTC बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे।

क्या है NEET और अब तक क्या-क्या हुआ?

NEET (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) देश के सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS, आयुष और नर्सिंग कोर्सेज में एडमिशन के लिए इकलौती राष्ट्रीय परीक्षा है, जिसकी शुरुआत 2013 में हुई थी।

घटनाक्रम का सफरनामा:

  • 3 मई: नीट परीक्षा का आयोजन हुआ, जिसमें 23 लाख छात्र बैठे।
  •  12 मई: पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द की गई और जांच CBI को सौंपी गई
  • 15 मई: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने री-एग्जाम की तारीख की घोषणा की।
  • 24 मई: सुप्रीम कोर्ट ने NTA से परीक्षा प्रणाली में सुधार का ब्लूप्रिंट मांगा।
  • 14 जून: दोबारा होने वाली परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी हुए।
  • 16 जून: खुफिया इनपुट्स के बाद सरकार ने टेलीग्राम पर अस्थायी रोक लगाई।
  • 17 जून: टेलीग्राम ने बैन के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
  • 19 जून: हाईकोर्ट ने टेलीग्राम की याचिका खारिज की।
  • 21 जून: देश भर में नीट का री-एग्जाम आयोजित होने जा रहा है।
- Advertisement -spot_img