27.3 C
New York

यूपी टॉपर प्राची निगम ने ट्रोलर्स से परेशान होकर कही ये बड़ी बात

Published:

लखनऊ। अच्छे हो तो अच्छा नजर आना भी जरूरी है। इस तरह के फलसफे जब फैसले की शक्ल इख्तियार कर लें तो तकलीफें यहीं से शुरू हो जाती हैं।

ऐसा ही हुआ है उत्तर प्रदेश में जहां सीतापुर की एक होनहार बिटिया की योग्यता और उसकी उपलब्धि ही उसके लिए मुसीबत का सबब बन गई। जिन्हें तालियां बजाकर हौसलाअफजाई करना थी वही इस बिटिया की जगहंसाई पर आमादा हो गए।

मामला उत्तर प्रदेश का है जहां प्राची निगम नाम की बिटिया ने दसवीं कक्षा में 98.5 प्रतिशत अंक लाकर अपने स्कूल, जिले और अपने परिवार का नाम रौशन किया है, लेकिन अफसोस कि उसकी यही उपलब्धि बच्ची उसके जी का जंजाल बन गई।

फिजिकल अपीयरेंस की वजह से प्राची को ट्रोल किया जाने लगा। प्राची के चेहरे पर बालों को लेकर कुछ ओछी मानसिकता के लोगों ने प्राची की तारीफ करने के बजाय उसकी खिल्ली उड़ाई है। ये बात कहीं से कही तक मानने लायक नहीं हैं।

ट्रोल करने वालों ने जरा भी नहीं सोचा कि वो जो कह रहे हैं और जिसके बारे में कह रहे हैं उसका हुनर देखो, उसकी योग्यता देखो। आप की जरा सी बात इस बच्ची के मानस पर कितना प्रभाव डाल सकती है।

बददिमागों की करतूत पर प्राची ने जो कहा वो दुखी करने वाला है। प्राची कहती हैं कि काश उसके कुछ नंबर कम आ जाते तो अच्छा होता। प्राची यूपी के सीतापुर की रहने वाली है जो इंटरनेट पर ट्रोलिंग से निराश हैं।

ट्रोलिंग करने वालो को ये नहीं भूलना चाहिए कि ईश्वर प्रदत्त जो बुद्धि और विलक्षण प्रतिभा प्राची के पास है, वैसी प्रतिभा बहुत कम लोगों को नसीब होती है।

प्राची आगे चलकर इंजीनियर बनना चाहती है और उस मुकाम को हासिल करने में प्राची की लगन और परिवार का सपोर्ट उसका मनोबल ऊंचा करने में सबसे बड़ा सहायक है।

ऐसा नहीं है कि प्राची के चेहरे के बालों को लेकर केवल उसे ट्रोल किया जा रहा है बल्कि प्राची के समर्थन में आने वालों की तादाद उससे कहीं ज्यादा बढ़ती भी जा रही है। चौथा खम्भा की भी शुभकामनाएं प्राची के साथ हैं।

निश्चित ही प्राची की सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का काम करेगी, जो इसी तरह अपनी मेहनत और लगन के दम पर अपने सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव रखना चाहते हैं।

हम कामना करेंगे कि प्राची इसी तरह अपने जीवन के हर पड़ाव में सफलता के उच्च शिखर को हासिल करें। बाकी रही बात दुनिया की तो अच्छों को बुरा साबित करना दुनिया की पुरानी आदत है। जो इन सबकी परवाह किए बगैर अपने लक्ष्य को साधकर आगे बढ़ते हैं वो यकीनन कमाल करते हैं। प्राची उन्हीं में से एक है। वेलडन प्राची।

Related articles

Recent articles

spot_img